नई दिल्ली। भारत और यूरोपीय यूनियन (EU) के बीच ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का ऐलान गणतंत्र दिवस के आसपास हो सकता है। यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) में कहा कि भारत-EU एक ऐतिहासिक समझौते की दहलीज पर हैं, जिसे उन्होंने ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ बताया।
उर्सुला 25 से 27 जनवरी तक भारत दौरे पर रहेंगी। 27 जनवरी को होने वाले भारत-EU समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इस समझौते के पूरा होने की घोषणा संभव है। उन्होंने कहा कि यह डील यूरोप को भारत जैसे तेजी से बढ़ते और गतिशील देश के साथ व्यापार में ‘फर्स्ट मूवर एडवांटेज’ देगी।
200 करोड़ लोगों के लिए खुलेगा नया बाजार
इस फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से करीब 200 करोड़ लोगों का साझा बाजार बनेगा, जो वैश्विक GDP के लगभग 25 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करेगा। वित्त वर्ष 2023-24 में भारत और EU के बीच व्यापार 137.41 अरब डॉलर रहा, जो इस समझौते के बाद दोगुना होने की उम्मीद है।
समझौते के तहत सामान और सेवाओं पर टैरिफ घटाए जाएंगे, जिससे दोनों पक्षों के बीच व्यापार आसान और सस्ता होगा। इसके साथ ही रक्षा सहयोग और 2026-2030 की रणनीतिक योजना की भी घोषणा की जा सकती है।

