कोलकाता, 9 मई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के नवनिर्वाचित विधायक दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के दावे पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी का सत्ता का नशा अभी छूटा नहीं है। ममता बनर्जी अभी उसी आवेश में हैं कि वे खुद मुख्यमंत्री हैं।

भाजपा विधायक दिलीप घोष ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "ममता बनर्जी का सत्ता का नशा अभी छूटा नहीं है। वह अपनी उस मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाई हैं। सरकार बदल चुकी है, जनता ने भाजपा के मुख्यमंत्री के लिए जनादेश दिया है और मुख्यमंत्री का नाम भी तय हो चुका है। इसके बावजूद ममता बनर्जी अभी उसी आवेश में हैं कि वे खुद मुख्यमंत्री हैं।"

दरअसल, ममता बनर्जी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल फेसबुक और 'एक्स' पर अभी भी 'माननीय मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल' का इस्तेमाल कर रही हैं। हार के बावजूद ममता ने मुख्यमंत्री पद छोड़ने के इनकार किया था, जिसे वे सोशल मीडिया पर बरकरार रखे हुए हैं।

वहीं, शनिवार को पश्चिम बंगाल में नई सरकार का गठन होने जा रहा है। भाजपा ने सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री चुना है, जो कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में शनिवार को पद की शपथ लेंगे। सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री होंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री और एनडीए-शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है।

सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर नवनिर्वाचित विधायक दिलीप घोष ने कहा, "कई वर्षों के संघर्ष के बाद पश्चिम बंगाल में बदलाव आया है। भारतीय जनता पार्टी को सरकार बनाने का अवसर मिला है। हमारी पार्टी के एक अनुभवी और मजबूत नेता को पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया है।"