भोपाल। भोपाल नगर निगम परिषद की बैठक सोमवार को हंगामेदार रही, जहां गोमांस के मुद्दे ने शुरुआत से ही माहौल गरमा दिया। बैठक तय समय से करीब आधा घंटा देरी से शुरू हुई, लेकिन जैसे ही प्रश्नकाल शुरू हुआ, विपक्ष ने स्लॉटर हाउस और गोमांस मामले को लेकर निगम प्रशासन को घेर लिया।


नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने सबसे पहले यह मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि निगम के स्लॉटर हाउस में 26 टन गोमांस मिलने के मामले में अब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि पिछली बैठक में जांच समिति बनाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक रिपोर्ट सामने नहीं आई है और न ही संबंधित आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।


इस पर एमआईसी सदस्य आर.के. सिंह बघेल ने जवाब दिया, लेकिन जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। इसी दौरान महापौर मालती राय और नेता प्रतिपक्ष के बीच तीखी नोंकझोंक भी देखने को मिली। स्थिति इतनी गरमा गई कि बैठक में कुछ देर के लिए व्यवधान उत्पन्न हो गया।


गोमांस के मुद्दे पर सिर्फ विपक्ष ही नहीं, बल्कि भाजपा के वरिष्ठ पार्षद सुरेंद्र बाडिका और विलास राव घड़गे ने भी विरोध जताया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस बीच कांग्रेस पार्षदों ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने का प्रस्ताव निगम परिषद के माध्यम से राज्य सरकार को भेजने की बात भी कही।


बैठक में इस बार करीब 3500 करोड़ रुपये का बजट भी पेश किया जाना है, जिसमें शहर के विकास से जुड़े कई अहम प्रस्ताव शामिल हैं। हालांकि, पिछले दो वर्षों में किए गए कई वादे, जैसे हेरिटेज गेट और गीता भवन का निर्माण अब भी अधूरे हैं, जिन्हें लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है।


इसके अलावा बैठक में 14 नई पार्किंग बनाने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा, जिनमें से 5 पार्किंग मेट्रो स्टेशनों के नीचे विकसित की जाएंगी। इन पार्किंग में करीब 40 चारपहिया और 250 दोपहिया वाहनों की क्षमता होगी। निगम ने इस प्रस्ताव के लिए पुलिस की सहमति भी ले ली है।


वहीं, लिंक रोड नंबर-2 पर बनी नई बिल्डिंग, लोकायुक्त की हालिया कार्रवाई और लीगेसी वेस्ट निपटान जैसे मुद्दे भी बैठक में चर्चा के केंद्र में रहेंगे। कुल मिलाकर, नगर निगम की यह बैठक राजनीतिक टकराव और अहम फैसलों के बीच जारी है।