नई दिल्ली, 9 मई । भाजपा नेता आरपी सिंह ने गुरुवार को मुद्दों पर टिप्पणी की। उन्होंने पंजाब की राजनीति से लेकर पश्चिम बंगाल और टीवीके से जुड़े मुद्दों पर बेबाक राय रखी। उन्होंने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया।केजरीवाल पर निशाना साधते हुए आरपी सिंह ने कहा कि वह अपने मंत्रियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए लगातार ईडी पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में पंजाब सरकार के एक मंत्री भ्रष्टाचार के मामले में जेल जा चुके हैं, लेकिन केजरीवाल इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक मामले में मान सरकार के मंत्री किसी अधिकारी पर एक विशेष व्यक्ति को टेंडर देने के लिए दबाव बनाया गया था। जब अधिकारी ने मना किया, तो उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उसने आत्महत्या कर ली। उन्होंने दावा किया कि अधिकारी ने मरने से पहले पूरे भ्रष्टाचार का ब्यौरा लिखकर छोड़ा था। इस मामले में संबंधित मंत्री जेल में हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है। आरपी सिंह ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के पास पुख्ता जानकारी होने के बाद ही कार्रवाई की जाती है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में ईडी की एक रेड के दौरान पार्टी से जुड़े एक व्यक्ति ने अपने घर से नोटों से भरी अटैची नीचे फेंक दी थी। उन्होंने कहा कि जब-जब ईडी कार्रवाई करती है, तब-तब आप नेता हंगामा शुरू कर देते हैं।
टीवीके से जुड़े राजनीतिक घटनाक्रम और राज्यपाल की भूमिका पर आरपी सिंह ने कहा कि सरकार बनाने के लिए जरूरी संख्या पूरी होना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि बहुमत का आंकड़ा पूरा नहीं होगा, तो राज्यपाल किसी तरह की छूट नहीं देंगे, क्योंकि इससे संवैधानिक संकट पैदा हो सकता है। उन्होंने इसे कानून के अनुरूप बताया और कहा कि सरकार बनाने के लिए आवश्यक समर्थन होना जरूरी है।
सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री बनने पर आरपी सिंह ने कहा कि राज्य में पिछले 15 वर्षों से चला आ रहा भय और भ्रष्टाचार का दौर खत्म हो गया है। उन्होंने दावा किया कि पहले महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हुए थे, लेकिन अब राज्य में बदलाव का दौर शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को फिर से जीवित कर राज्य को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।

