प्राइम वीडियो और टी-सीरीज़ ने अपनी आगामी प्राइम ओरिजिनल फिल्म ‘सुबेदार’ का नया ऑफिशियल सॉन्ग वीडियो ‘बलम सुबेदार’ रिलीज़ कर दिया है। इस गाने में अनिल कपूर सुबेदार अर्जुन मौर्य के किरदार में अपने दमदार स्वैग और करिश्माई अंदाज़ से दर्शकों को एक बार फिर प्रभावित करते नजर आ रहे हैं। वहीं, खुशबू सुंदर फिल्म में उनकी पत्नी सुधा की भूमिका में दिखाई दे रही हैं।
रीइमेजिन किए गए इस आइकॉनिक ट्रैक के जरिए अर्जुन और सुधा के रिश्ते की भावनात्मक गहराई को खूबसूरती से दर्शाया गया है। गाना दिखाता है कि कैसे सुधा को अपने सुबेदार पति पर गर्व है और कैसे उनका प्यार अर्जुन को वर्दी के बाहर भी मजबूती और संतुलन देता है। नॉस्टेल्जिया और भावुक पलों से सजे इसके विजुअल्स फिल्म की दुनिया में गर्मजोशी और खास आकर्षण जोड़ते हैं।
‘बलम सुबेदार’ को रुत्विक तलाशिलकर ने कंपोज किया है। इस रीक्रिएटेड वर्जन को जीडी कौर ने अपनी आवाज़ दी है। गाना मूल रूप से राज मावर द्वारा रियल म्यूजिक प्रोडक्शन के लिए तैयार किया गया था, जिसके नए बोल यंगवीर ने लिखे हैं। म्यूजिक सुपरविजन आकाशदीप सेनगुप्ता ने किया है।
फिल्म ‘सुबेदार’ का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है, जबकि इसका निर्माण विक्रम मल्होत्रा, अनिल कपूर और सुरेश त्रिवेणी ने मिलकर किया है। फिल्म में अनिल कपूर के साथ राधिका मदन मुख्य भूमिका में हैं। इनके अलावा सौरभ शुक्ला, आदित्य रावल, फैसल मलिक, मोना सिंह और खुशबू सुंदर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म ‘सुबेदार’ 5 मार्च को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में भारत सहित 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में विशेष रूप से प्राइम वीडियो इंडिया पर स्ट्रीम की जाएगी।

