छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। आमजन की सुरक्षा में दिन-रात मुस्तैदी से डटे रहने वाले पुलिस विभाग ने इस बार अपने ही विभागीय परिवार की सेहत को प्राथमिकता देते हुए एक सराहनीय पहल की। छिंदवाड़ा पुलिस द्वारा पुलिस लाइन स्थित पुलिस अस्पताल परिसर में निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे दिन शिविर में उत्साह, सहभागिता और जागरूकता का माहौल देखने को मिला।


इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन उप पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य, पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के विशेष आतिथ्य तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में किया गया। शिविर में जनरल हेल्थ चेकअप, कार्डियक जांच, न्यूरो परीक्षण और फिजिशियन परामर्श जैसी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रतिभागियों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी दी, जिससे उन्हें अपने स्वास्थ्य की स्थिति समझने और समय रहते सावधानी बरतने का अवसर मिला।


पुलिस सेवा जैसी जिम्मेदार और तनावपूर्ण ड्यूटी के बीच अक्सर स्वास्थ्य की अनदेखी हो जाती है। ऐसे में यह पहल न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने वाली साबित हुई, बल्कि इससे पुलिस कर्मियों और उनके परिवारजनों में यह विश्वास भी मजबूत हुआ कि उनकी सेहत विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। शिविर ने विभागीय एकजुटता और पारिवारिक जुड़ाव को भी मजबूती प्रदान की।