बालाघाट,आशीष भगत। बालाघाट जिले में सहकारी तंत्र को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक किसानों को संस्थागत सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से सघन सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई है। 14 अप्रैल, डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बालाघाट के अंतर्गत आने वाली 17 शाखाओं की 131 पैक्स समितियों में यह अभियान प्रारंभ हुआ।


कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक मृणाल मीना के मार्गदर्शन में शुरू हुए इस अभियान का शुभारंभ मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिनव सिंह बघेल और उपायुक्त सहकारिता राजेश उइके की मौजूदगी में किया गया। लांजी, गढ़ी सहित विभिन्न समितियों में शाखा प्रबंधकों, पर्यवेक्षकों और किसानों की उपस्थिति में नए सदस्यों का स्वागत फूलमाला और तिलक लगाकर किया गया।


इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने पैक्स समितियों की सदस्यता ग्रहण की। अधिकारियों ने बताया कि जिले के ऐसे कृषि भूमिधारक जो अभी तक समिति के सदस्य नहीं हैं, उन्हें इस अभियान के माध्यम से जोड़ा जाएगा, ताकि वे सहकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।


अभिनव सिंह बघेल, सीईओ
सीईओ अभिनव सिंह बघेल ने बताया कि पैक्स सदस्य बनने वाले किसानों को अल्पकालीन फसल ऋण शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर तथा मध्यमकालीन ऋण रियायती दरों पर उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक, बीज और कीटनाशक स्थानीय स्तर पर ही उचित मूल्य पर मिल सकेंगे।


उपायुक्त सहकारिता राजेश उइके ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। पैक्स सदस्य बनने पर किसानों को न केवल योजनाओं का प्राथमिकता से लाभ मिलेगा, बल्कि वे सहकारी संस्थाओं के निर्णयों में भागीदारी कर लाभांश भी प्राप्त कर सकेंगे।


वनांचल क्षेत्र बैहर अंतर्गत समिति गढ़ी में आयोजित कार्यक्रम में प्रबंधक लेखा पी. जोशी ने बताया कि सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, जो किसानों को ऋण, कृषि आदान, भंडारण और विपणन जैसी सेवाएं उपलब्ध कराती हैं।


यह सघन सदस्यता अभियान 15 मई तक चलेगा। प्रशासन ने जिले के सभी पात्र किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में समितियों की सदस्यता लेकर सहकारी सुविधाओं का लाभ उठाएं।