अमरपाटन,नरेन्द्र पटेल। क्षेत्र के ग्राम कुम्हारी में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को पत्थर लगने से चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरविंद लोनी, राहुल लोनी, सतीश लोनी और प्रेम साहू बिजली गुल होने के कारण घर के बाहर नीम के पेड़ के नीचे बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पास के कच्चे मकान की दीवार अचानक गिर पड़ी और चारों लोग मलबे में दब गए। वहीं पास में मौजूद दो अन्य लोगों को भी पत्थर लगने से चोट आई।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने मिलकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों की हालत गंभीर बताई गई, जिनमें से दो को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया गया है। फिलहाल दो घायलों का अमरपाटन अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

