चेन्नई, 17 अप्रैल । इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 में चेन्नईयिन एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली को 1-0 से हराया। यह मुकाबला चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेला गया, जहां फारुख चौधरी का शुरुआती गोल टीम की जीत का सबसे बड़ा कारण बना।मैच की शुरुआत से ही चेन्नईयिन एफसी आक्रामक नजर आई। टीम ने पहले कुछ मिनटों में ही दबाव बनाना शुरू कर दिया और दिल्ली के गोलकीपर नोरा फर्नांडीज को कई बार बचाव करना पड़ा। चेन्नईयिन की टीम को सफलता मैच के 11वें मिनट में मिली, जब अल्बर्टो नोगुएरा ने शानदार पास दिया और फारुख चौधरी ने बेहतरीन शॉट लगाकर गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया। यह मैच का एकमात्र गोल साबित हुआ।
पहले हाफ में स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली चेन्नईयिन की मजबूत डिफेंस को तोड़ नहीं पाई। चेन्नईयिन के खिलाड़ियों ने लगातार दबाव बनाए रखा और दिल्ली को ज्यादा मौके नहीं दिए। हाफ टाइम तक स्कोर 1-0 ही रहा। दूसरे हाफ में दिल्ली की टीम थोड़ी ज्यादा आक्रामक होकर लौटी और बराबरी करने की कोशिश की। उन्होंने कुछ अच्छे मौके भी बनाए, लेकिन चेन्नईयिन के गोलकीपर मोहम्मद नवाज और डिफेंस ने बेहतरीन खेल दिखाया और कोई गोल नहीं होने दिया।
मैच के दौरान दोनों टीमों ने कुछ बदलाव भी किए ताकि खेल की दिशा बदली जा सके। दिल्ली ने आखिरी समय तक कोशिश जारी रखी और स्टॉपेज टाइम में गोल करने के करीब भी पहुंची, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया और उनका शॉट गोल पोस्ट के बाहर चला गया। चेन्नईयिन एफसी ने अंत तक अपनी बढ़त बनाए रखी और 1-0 से मैच जीत लिया। इस जीत के साथ टीम को महत्वपूर्ण तीन अंक मिले। अब चेन्नईयिन एफसी आठ मैचों में 8 अंकों के साथ अंक तालिका में 10वें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली नौवें स्थान पर बनी हुई है। फारुख चौधरी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उनकी तेजी और सटीक फिनिशिंग ने टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

