नई दिल्ली, 8 मई । इंडिया इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस कंपनी लिमिटेड (आईआईएफसीएल) ने नियमित आधार पर असिस्टेंट जनरल मैनेजर (ग्रेड 'सी' अधिकारी) और डिप्टी जनरल मैनेजर (ग्रेड 'डी' अधिकारी) के विभिन्न विभागों में कुल 15 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की सीधी भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। आईआईएफसीएल ने जिन 15 पदों पर वैकेंसी जारी की है, उनमें असिस्टेंट जनरल मैनेजर (जोखिम प्रबंधन) के 2, असिस्टेंट जनरल मैनेजर (सूचना प्रौद्योगिकी-आईटी) के 2, असिस्टेंट जनरल मैनेजर (सीआईएसओ) के 1, असिस्टेंट जनरल मैनेजर (हेजिंग/फॉरेक्स), डिप्टी जनरल मैनेजर (मुख्य वित्तीय अधिकारी/वित्त एवं लेखा) और डिप्टी जनरल मैनेजर (सीआरओ/जोखिम प्रबंधन) के 1-1 और डिप्टी जनरल मैनेजर (परियोजना वित्त/सतत वित्त/ऋण निगरानी आदि) के 4 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद और विषय के अनुसार सीए, सीएमए, एमबीए, बीई/बीटेक आदि की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास योग्यता प्राप्ति के बाद 12 से 16 वर्ष का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु असिस्टेंट जनरल मैनेजर (एडीएम) पद के लिए 45 वर्ष और डिप्टी जनरल मैनेजर (डीजीएम) पद के लिए 50 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 30 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन योग्यता के आधार पर चयन, शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की शुरुआती सैलरी पद अनुसार 77,950 से 1,10,050 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईआईएफसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे 'विभागाध्यक्ष, मानव पूंजी प्रबंधन विभाग, इंडिया इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस कंपनी लिमिटेड, पांचवीं मंजिल, प्लेट ए और बी, ऑफिस ब्लॉक 2, एनबीसीसी टावर, पूर्वी किदवई नगर, नई दिल्ली 110023' पते पर डाक कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक हार्ड कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकालकर रख लें।

