गढ़ी मलहरा थाने के सामने तेज़ रफ्तार अल्टो कार ने शिक्षक को मारी टक्कर, मौत

Advertisement
गढ़ी मलहरा, संदीप यादव। गढ़ी मलहरा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना परिसर के ठीक सामने तेज़ रफ्तार अल्टो कार ने पैदल टहल रहे एक शिक्षक को भयानक टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान विपिन चौरसिया (38 वर्ष), पिता राधाचरण चौरसिया, निवासी गढ़ी मलहरा के रूप में हुई है। वह ऊजरा में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
घटना का विवरण:
यह हादसा शनिवार शाम करीब 7:45 बजे हुआ। विपिन चौरसिया अन्य नगर के शिक्षकों के साथ टहलने निकले थे। इसी दौरान महोबा की ओर से आ रही तेज़ रफ्तार अल्टो कार ने सड़क किनारे चल रहे शिक्षक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षक उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे और मौके पर ही बेहोश हो गए।
पुलिस व राहत कार्य:
घटना थाना परिसर के पास होने के कारण सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रीता सिंह के निर्देश पर पुलिस स्टाफ और बल तत्काल मौके पर पहुंचा। डायल 112 के आरक्षक योगेश रिछारिया और पायलट उदयभान की मदद से घायल शिक्षक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में मौत:
अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर अदिति अग्रवाल ने जांच के बाद शिक्षक को मृत घोषित कर दिया। टक्कर के कारण मृतक के चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल:
शिक्षक की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
