मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के दलौदा नगर में एक ऑनलाइन सेंटर से 95 हजार रुपये की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक शातिर युवक बैंक खाता खुलवाने के बहाने बालाजी ऑनलाइन सेंटर पर पहुंचा और मौका पाकर गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।


जानकारी के अनुसार, दलौदा स्थित बालाजी ऑनलाइन सेंटर पर एक युवक बैंक खाता खुलवाने के लिए आया था। इसी दौरान जब दुकान संचालक कुछ समय के लिए इधर-उधर हुआ, तब आरोपी ने गल्ले पर नजर डालते हुए उसमें रखे 95 हजार रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गया।


कुछ देर बाद जब संचालक ने गल्ला चेक किया तो नकदी गायब देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी की पूरी हरकत कैद मिली। फुटेज में युवक चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है।


घटना की सूचना मिलते ही फरियादी ने दलौदा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई नकदी बरामद करने की कार्रवाई की जाएगी।