छिंदवाड़ा ,जीशान। छिंदवाड़ा में हज-2026 के लिए जिला हज कमेटी द्वारा हज तरबियत का पांचवां और अंतिम प्रशिक्षण कैंप आयोजित किया गया। इस कैंप में बड़ी संख्या में हज यात्रा पर जाने वाले आज़मीन-ए-हज शामिल हुए, जिन्हें मुकद्दस सफर से पहले जरूरी जानकारी और मार्गदर्शन दिया गया।
जिला हज कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस अंतिम प्रशिक्षण कैंप में हज यात्रियों को हज की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। कार्यक्रम में जिला हज कमेटी के अध्यक्ष सूफी पीर मोहम्मद उर्फ दस्सू बाबा सहित कई जिम्मेदार पदाधिकारी मौजूद रहे। अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष छिंदवाड़ा में अन्य जिलों की तुलना में अधिक तरबियत कैंप आयोजित किए गए, ताकि यात्रियों को बेहतर तैयारी और सही मार्गदर्शन मिल सके।
उन्होंने कहा कि यह अंतिम प्रशिक्षण कैंप होने के कारण इसकी विशेष अहमियत है, क्योंकि इसके बाद सभी हाजी अपने पवित्र सफर के लिए रवाना होंगे।
कैंप के दौरान हज के सभी जरूरी अरकानों जैसे एहराम, तवाफ और सई को प्रोजेक्टर और व्यावहारिक तरीके से सरल भाषा में समझाया गया। इससे खासकर पहली बार हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को काफी मदद मिली।
इसके साथ ही यात्रियों को भीड़भाड़ के दौरान सतर्क रहने, समूह में चलने और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी गई। सुरक्षा के लिहाज से स्मार्ट बेल्ट जैसे उपकरणों के उपयोग की जानकारी भी दी गई।
विदेश यात्रा को ध्यान में रखते हुए हज यात्रियों को भारत और सऊदी अरब के कानूनों और नियमों से भी अवगत कराया गया, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा पासपोर्ट, वीजा, टिकट, वैक्सीन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों को सुरक्षित रखने की हिदायत दी गई।
स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की दिक्कत से बचा जा सके।
कार्यक्रम के अंत में हाजियों से अपील की गई कि वे हज के दौरान देश, प्रदेश और जिले की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ करें और अपने आचरण से देश की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करें।
यह अंतिम तरबियत कैंप हज यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हुआ। अब सभी आज़मीन-ए-हज पूरी तैयारी, समझ और आत्मविश्वास के साथ अपने मुकद्दस सफर के लिए रवाना होने के लिए तैयार हैं।


