ग्वालियर। ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र से पांच दिन पहले लापता हुई 12 वर्षीय छात्रा का शव शुक्रवार रात भिंड जिले के मौ क्षेत्र में सिंध नदी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। शव क्षत-विक्षत हालत में मिलने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस ने छात्रा की मां और सौतेले पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार छात्रा पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। 25 मई को उसके सौतेले पिता ने सिरोल थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। हालांकि शुरुआत से ही पुलिस को उसके बयान और गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं। जांच के दौरान पुलिस लगातार उस पर नजर बनाए हुए थी।


पूछताछ में सौतेले पिता ने दावा किया कि 24 मई को बच्ची ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसने बदनामी और पुलिस कार्रवाई के डर से शव को अपनी टैक्सी से भिंड ले जाकर सिंध नदी किनारे दफना दिया। पुलिस को संदेह है कि शव का कुछ हिस्सा नदी में मौजूद मगरमच्छों द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया हो सकता है।


पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। शव की स्थिति को देखते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराए जाने की संभावना है। पुलिस फिलहाल आत्महत्या की कहानी पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर रही है और हत्या सहित अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सौतेले पिता से गहन पूछताछ जारी है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।