देवास। देवास जिले के टोंककला में 14 मई को हुए भीषण पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में झुलसे दो और मजदूरों की इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार रात इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती अजय और निरंजन ने दम तोड़ दिया। दोनों बिहार के निवासी थे और हादसे के बाद से अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती थे। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है।
इससे पहले सोमवार रात राम (20) पिता मुकेश कुमार की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी थी। वहीं घायल विशाल (25) की हालत में सुधार बताया जा रहा है। सिर में गंभीर चोट और खून का थक्का जमने के कारण उसे न्यूरो सर्जरी वार्ड में भर्ती किया गया था। डॉक्टरों के अनुसार विशाल को जल्द डिस्चार्ज किया जा सकता है।
एमवाय अस्पताल प्रबंधन ने बर्न यूनिट में संक्रमण रोकने के लिए पांच नर्सिंग कर्मचारियों की 24 घंटे शिफ्टवार ड्यूटी लगाई है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि घायलों के उपचार में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। उधर, चोइथराम अस्पताल में भर्ती चार घायलों में से तीन को डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि एक मरीज का इलाज जारी है।
गौरतलब है कि टोंककलां क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ था। हादसे में 20 से अधिक मजदूर घायल हुए थे। मृतकों में उत्तर प्रदेश और बिहार के मजदूर शामिल हैं। धमाका इतना भीषण था कि शवों के अंग 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे और फैक्ट्री की दीवारें पूरी तरह ढह गईं। आसपास के मकान भी धमाके से हिल गए थे। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में जले हुए अवशेष और मजदूरों के कपड़े बिखरे पड़े मिले थे।

