उज्जैन। उज्जैन-नागदा मार्ग पर मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में भाजपा नेता कैलाश उर्फ रिंकू शर्मा सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 10:30 बजे उन्हेल टोल नाके से लगभग 5 किलोमीटर पहले हुआ, जहां तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और आयशर ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
बताया जा रहा है कि सभी लोग राजस्थान के सांवरा सेठ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे आयशर ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में उज्जैन निवासी देवेंद्र जोशी और मंडल उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठे प्रवेश मारोठिया समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

