इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित भागीरथपुरा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में हुए विवाद के बाद छोटे भाई ने अपने ही मझले भाई की हत्या कर दी। घटना के समय घर में दोनों भाई ही मौजूद थे, जबकि मां और बड़ा भाई घर से बाहर गए हुए थे। सुबह जब वे लौटे तो संदीप का शव खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही बाणगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या के आरोपी छोटे भाई अजय को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। हत्या के बाद आरोपी फरार होने के बजाय घर पर ही मौजूद रहा। मृतक की मां लता धरम ने बताया कि दोनों बेटे शराब पीने के आदी थे और नशे की हालत में उनके बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंगलवार देर रात दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि अजय ने संदीप की हत्या कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक संदीप एक निजी कंपनी में मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था।
एसीपी रुबीना मिजवानी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या के पीछे अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या में प्रयुक्त हथियार और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि शराब की लत न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार के लिए विनाश का कारण बन सकती है। नशे की वजह से एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया, जबकि दूसरा बेटा हत्या के आरोप में सलाखों के पीछे पहुंच गया।




