बर्मिंघम। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को एजबेस्टन में खेले जा रहे विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 'हाई-वोल्टेज' मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया है। टीम इंडिया इस मुकाबले में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेगी।
टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। यह पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी है, हम बोर्ड पर एक अच्छा स्कोर खड़ा करेंगे। हम सभी बहुत उत्साहित हैं, पिछले वर्ल्ड कप से हमें आत्मविश्वास मिला है। असल बात अच्छा क्रिकेट खेलने की है, जिसके लिए हम तैयार हैं। भारती (फुलमाली) आज खेल रही हैं। हम तीन स्पिनर्स और दो मीडियम पेसर्स के साथ उतर रहे हैं।"
वहीं, पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने कहा, "टॉस जीतकर हम भी पहले बल्लेबाजी ही करते। यह पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी लग रही है। एक टीम के तौर पर हम बल्लेबाजी और गेंदबाजी में बहुत अच्छा कर रहे हैं। यह अच्छी बात है। भले ही पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी लग रही है, लेकिन हमारी गेंदबाजी भी मजबूत है।"
भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच टी20 फॉर्मेट में अब तक कुल 16 मैच खेले गए हैं, जिसमें 'विमेन इन ब्लू' का पलड़ा भारी रहा है। भारत ने 13 मैच जीते हैं, जबकि सिर्फ 3 मुकाबले पाकिस्तान के पक्ष में रहे।
भारतीय टीम में अनुभव और आक्रामक खेल का शानदार मिश्रण है, खासकर टॉप ऑर्डर में, जहां स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा शुरुआत से ही मैच की गति तय कर सकती हैं। भारत के पास एक संतुलित गेंदबाजी आक्रमण है। दूसरी तरफ, पाकिस्तान की युवा टीम मैदान पर अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेगी।
भारत की प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिगेज, हरमनप्रीत कौर, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल।
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन: गुल फिरोजा, मुनीबा अली (विकेटकीपर), आयशा जफर, सायरा जबीन, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), रमीन शमीम, नाशरा संधू, तस्मिया रुबाब और सादिया इकबाल।

