मैहर। मैहर जिले के अमरपाटन तहसील अंतर्गत नादन देहात थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ उफनती नदी पार करते समय दो सगे भाइयों समेत तीन लोग पानी के तेज बहाव में बह गए। मृतकों व लापता लोगों की पहचान विराज कुशवाहा (7 वर्ष), सार्थक कुशवाहा (5 वर्ष) और उनके मामा अंकुल कुशवाहा (19 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रशासन, एसडीआरएफ (SDRF) और एनडीआरएफ (NDRF) की संयुक्त टीम ने सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर 5 वर्षीय मासूम सार्थक का शव नदी से बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, दोनों मासूम बच्चे अमरपाटन के भड़री गांव के निवासी थे, जबकि उनके मामा अंकुल खरमसेड़ा के रहने वाले थे। शनिवार रात करीब 10 बजे तीनों बाइक पर सवार होकर जुड़ा गांव के पास से नदी पार कर बहन के घर जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने तेंदुहटी जा रहे थे।

नदी के रपटे को पार करने के दौरान अचानक पानी का तेज बहाव आ गया, जिसकी चपेट में आकर तीनों बाइक समेत बह गए। हादसे के बाद उनकी मोटरसाइकिल रपटे के पास फंसी हुई बरामद की गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। तहसीलदार आरडी साकेत और देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह की मौजूदगी में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। नदी में पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण रेस्क्यू टीमों को सर्च ऑपरेशन चलाने में भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

फिलहाल लापता विराज कुशवाहा और अंकुल कुशवाहा का कोई सुराग नहीं लग सका है। गोताखोरों और रेस्क्यू बोट की मदद से नदी के निचले हिस्सों और किनारों पर लगातार तलाश की जा रही है। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।