भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स स्थित वार्ड क्रमांक 85 की स्वर्ण कुंज कॉलोनी के रहवासियों ने बदहाल सड़क और लंबे समय से निर्माण कार्य शुरू नहीं होने के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। कॉलोनीवासियों ने सड़क पर धान के पौधे रोपकर नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बरसात के दौरान सड़क पूरी तरह कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती है, जिससे लोगों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है।


रहवासियों ने बताया कि स्थानीय विधायक द्वारा दो बार सड़क निर्माण का भूमि पूजन किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। लोगों का आरोप है कि नगर निगम की उदासीनता के कारण वर्षों से कॉलोनीवासी खराब सड़क की समस्या झेलने को मजबूर हैं। बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


प्रदर्शन के दौरान रहवासियों ने शीघ्र सड़क निर्माण की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। कॉलोनीवासियों ने नगर निगम और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर सड़क निर्माण कराने की मांग की है।