टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। लगातार हो रही बारिश के बीच शहर की बदहाल सड़कें और जल निकासी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई हैं। मऊचुंगी के आगे तिगड्डा पर सड़क पर हुए जलभराव के बीच एक बाइक चालक गड्ढे में गिर पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क पर भरे पानी और उसमें छिपे गड्ढों के कारण लोगों को हो रही परेशानी साफ दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शहर की कई प्रमुख सड़कों पर लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, लेकिन नगर पालिका द्वारा उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को उनका अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। वायरल वीडियो ने नगर पालिका की तैयारियों और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नागरिकों का कहना है कि सड़क मरम्मत और जल निकासी की समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया। लोगों का आरोप है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति बनती है, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर पालिका से तत्काल सड़क के गड्ढों की मरम्मत, जलभराव की समस्या दूर करने तथा शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वायरल वीडियो के बाद अब सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।




