सागर, जीशान खान। मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने तथा दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में सागर जिला युवा कांग्रेस ने भगवानगंज चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल और वॉटर कैनन की तैनाती रही। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया और भाजपा सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष संदीप चौधरी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किया जाना लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कार्य करना चाहिए तथा लोकतंत्र को कमजोर करने वाले निर्णयों का कांग्रेस हर स्तर पर विरोध करेगी।


शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा सरकार के दबाव में कार्य कर रहा है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं युवा कांग्रेस अध्यक्ष संदीप चौधरी ने कहा कि कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी का नामांकन रद्द किया जाना लोकतंत्र की हत्या के समान है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।


मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव एडवोकेट निखिल चौकसे ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया लोकतंत्र की आधारशिला है। यदि चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह लगते हैं तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। प्रदर्शन में सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एड. वीरेंद्र राजे, पं. रवि उमाहिया, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष चक्रेश रोहित, विधानसभा अध्यक्ष सागर साहू, रोहित वर्मा, एड. प्रणव प्रताप सिंह राजपूत, रोहित कुर्मी, अमन लोधी तथा अनुसूचित जाति विभाग के शहर अध्यक्ष अरविंद बंटी पंथी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा, संविधान की मर्यादा और जनता के विश्वास की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। भगवानगंज चौराहे पर हुए इस विरोध प्रदर्शन ने शहर का राजनीतिक माहौल गर्मा दिया और राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के आक्रोश को खुलकर सामने ला दिया।