इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के लसूडिया थाना क्षेत्र के निपानिया इलाके में कथित झपटमारी की एक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे की है। वायरल वीडियो में दो अज्ञात बदमाश एक्टिवा स्कूटर से आते हैं और सड़क पर पैदल जा रहे एक व्यक्ति से झपटमारी कर मौके से फरार हो जाते हैं।
हालांकि, घटना के संबंध में अभी तक पीड़ित की ओर से पुलिस थाने में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसके बावजूद वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। टीमें घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा वीडियो की बैकवर्ड और फॉरवर्ड ट्रैकिंग के आधार पर जांच कर रही हैं। साथ ही साइबर क्राइम यूनिट को भी जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक जल्द पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने दावा किया है कि संदिग्धों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




