छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा में एक बार फिर ओवरलोड वाहनों की लापरवाही ने दो लोगों की जान ले ली। शिवपुरी थाना क्षेत्र के पलटवाड़ा के पास गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिकअप चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन शादी समारोह में टेंट सामग्री पहुंचाने जा रहा था। वाहन में क्षमता से अधिक सामान भरा हुआ था और कई मजदूर जान जोखिम में डालकर वाहन से लटककर सफर कर रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने प्राथमिक उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं घायल पांच लोगों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद एक बार फिर ओवरलोड वाहनों और असुरक्षित सफर को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।