इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध देशी पिस्टल, चार मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, एक फोर व्हीलर वाहन तथा करीब एक लाख रुपये कीमत के अवैध हथियार बरामद किए हैं।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित रीजनल पार्क के सामने एक फोर व्हीलर वाहन में दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन की घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने अपने नाम सोहेल उर्फ बल बली और परसराम बताए।
वाहन की तलाशी के दौरान डैशबोर्ड में रखी एक थैली से चार अवैध देशी पिस्टल, चार मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और आरोपियों की फोर व्हीलर गाड़ी भी जब्त कर ली।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इंदौर में अवैध हथियार किसे सप्लाई करने आए थे और इन हथियारों की खरीद-फरोख्त का नेटवर्क किन-किन लोगों तक फैला हुआ है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर अवैध हथियार तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




