नौगांव, कमल यादव। नगर की सीताराम कॉलोनी के रहने वाले किसान खेत सिंह यादव के दोनों बेटे अनिकेत यादव और रविंद्र यादव ने भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर घर पहुंचे तो पूरे नौगांव में देशभक्ति का उफान छा गया। दोनों सगे भाइयों के एक साथ अग्निवीर बनने पर नगरवासियों ने तिरंगा यात्रा निकालकर उनका भव्य स्वागत किया।
करीब छह महीने पहले दोनों भाइयों का एक साथ अग्निवीर भर्ती में चयन हुआ था। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद जब वे अपने गृहनगर लौटे तो परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य अभिनंदन किया। घर पहुंचते ही दोनों जवानों ने माता-पिता खेत सिंह यादव, माता और दादा देव सिंह यादव के चरण स्पर्श किए। इस दौरान दोनों भाइयों ने अपनी सेना की कैप माता-पिता के सिर पर रखी तो पूरा परिवार भावुक हो गया और खुशी के आंसू छलक पड़े।
पिता खेत सिंह यादव (किसान एवं दुग्ध व्यवसायी) ने बताया, “मेरा सपना था कि दोनों बेटे देश की सेवा करें। भगवान की कृपा से दोनों का एक साथ चयन हो गया। पूरा परिवार गर्व से भरा हुआ है।”
तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन
प्रशिक्षण पूरा कर पहुंचने पर तहसील चौराहे से दोनों अग्निवीरों के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाली गई। डीजे, ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा पूरे नगर में घूमी। सड़कों पर उमड़ी भीड़ ने दोनों भाइयों का गर्मजोशी से स्वागत किया। यात्रा के बाद घर पहुंचकर उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में परिजन, शुभचिंतक और मोहल्लेवासी मौजूद रहे।
दोनों भाइयों की इस उपलब्धि ने न केवल पूरे क्षेत्र में गर्व की लहर पैदा की है, बल्कि स्थानीय युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित भी किया है।




