मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के नारायणगढ़-झारडा रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पिता वासुदेव मोड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पुत्र अशोक मोड़ ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, वासुदेव मोड़ और उनके पुत्र अशोक मोड़ अपने पैतृक गांव नलखेड़ा पूजा-पाठ एवं कर्मकांड कराने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान नारायणगढ़-झारडा मार्ग पर तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वासुदेव मोड़ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अशोक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल मंदसौर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों मृतक कर्मकांड एवं पूजा-पाठ कराने का कार्य करते थे और क्षेत्र में सम्मानित पंडित के रूप में जाने जाते थे। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से परिजनों सहित पूरे समाज में शोक की लहर है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वासुदेव मोड़ का पोस्टमार्टम नारायणगढ़ में तथा अशोक मोड़ का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल मंदसौर में किया जा रहा है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




