श्योपुर, उत्तम सिंह। कौशलपुर निवासी युवक ओमप्रकाश आकोदिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने पूरे जिले में तहलका मचा दिया है। परिजनों ने श्री श्याम मेडिकल स्टोर पर गलत इंजेक्शन और ड्रिप लगाए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों का आक्रोश और प्रदर्शन

घटना की सूचना मिलते ही ओमप्रकाश के परिजनों और समर्थकों ने कोतवाली थाना पहुंचकर भारी हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल स्टोर पर दी गई गलत दवा और ड्रिप के कारण युवक की जान चली गई।

प्रदर्शन में पूर्व विधायक ब्रजराज सिंह चौहान, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह जाट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीरज जाट, बिहारी सिंह सोलंकी समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में पुलिस से मांग की कि मेडिकल स्टोर संचालक पुरुषोत्तम शर्मा के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज की जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

राजनीतिक रंग

मामला अब सियासी घमासान में बदल गया है। बहुजन समाज पार्टी (BSP) के नेता मिश्रीलाल बैरवा ने सोशल मीडिया पर बड़ा आरोप लगाते हुए दावा किया कि भाजपा जिला अध्यक्ष दबाव बनाकर मामले को सेटल करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस पर भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण ने पलटवार करते हुए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया और कहा कि बिना सबूत के उनकी छवि खराब करने की साजिश रची जा रही है।

पुलिस की प्रतिक्रिया

कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पूरा मामला जांच में ले लिया है।

नोट: गलत इंजेक्शन और ड्रिप के आरोपों की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।