सटई, तौफीक अहमद। नगर के भारत माता चौक स्थित एक सराफा दुकान में पायल खरीदने के बहाने पहुंचीं दो महिलाओं और एक लड़की ने चांदी की दो जोड़ी पायल चोरी कर लीं। घटना 5 जून 2026 की शाम करीब 5:40 बजे की है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 5 निवासी गौरव सोनी की सोने-चांदी की दुकान पर दो महिलाएं और एक लड़की पहुंचीं। तीनों ने चांदी की पायल खरीदने की बात कहकर दुकानदार से विभिन्न डिजाइनों की कई जोड़ी पायल दिखाने को कहा। इस दौरान वे लगातार बातचीत कर दुकानदार का ध्यान भटकाती रहीं।


दुकानदार का आरोप है कि मौका पाकर एक महिला ने एक जोड़ी पायल अपने कपड़ों में छिपा ली, जबकि दूसरी महिला ने दूसरी जोड़ी पायल अपने पर्स में रख ली। कुछ देर तक दुकान में रुकने के बाद तीनों बिना कोई सामान खरीदे वहां से चली गईं।


महिलाओं के जाने के बाद जब दुकानदार ने पायल का मिलान किया तो दो जोड़ी पायल गायब मिलीं। संदेह होने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें महिलाएं कथित रूप से पायल छिपाती हुई नजर आईं। दुकानदार के मुताबिक चोरी हुई दोनों जोड़ी चांदी की पायल की कीमत लगभग 26 हजार रुपये है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।