छतरपुर/घुवारा, रूपेन्द्र पाल। बुंदेलखंड के प्रसिद्ध तीर्थक्षेत्र अबार माता मंदिर में बीती रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। मंदिर में तैनात चौकीदारों की सतर्कता से चोरी की वारदात नाकाम हो गई और एक आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस सहित अन्य सामग्री बरामद होने की जानकारी है। वहीं पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।


जानकारी के अनुसार दरमियानी रात करीब 2 बजे चोर मंदिर के पीछे वाले गेट का शटर काटकर अंदर घुसे। शटर काटने की आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात दो चौकीदार तत्काल मौके पर पहुंचे। चौकीदारों को आता देख आरोपी भागने लगे। इस दौरान चौकीदारों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।


पकड़े गए आरोपी की तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।


मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में आरोपी शटर काटकर मंदिर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जांच में लिया है और उसके आधार पर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।


घटना की सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह रामटौरिया चौकी प्रभारी राज कपूर बघेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से बरामद सामान और हथियार को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


चौकी प्रभारी राज कपूर बघेल ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही मंदिर की सुरक्षा को लेकर भी उचित कदम उठाए जाएंगे।


घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अबार माता मंदिर में पूर्व में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। स्थानीय लोगों ने मंदिर में 24 घंटे पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था करने और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जल्द सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।