भिंड, अक्षय जोशी । मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया, जहां एक ट्रक ड्राइवर केवल लुंगी पहनकर थाने पहुंच गया। ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि वह शराब के नशे में सो गया था और जब सुबह उसकी नींद खुली तो उसकी पेंट गायब थी। पेंट की जेब में रखे करीब 1500 नकद और आधार कार्ड भी चोरी हो चुके थे। खुद को लाचार स्थिति में देखकर वह सीधे थाने पहुंचा और पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने संवेदनशीलता दिखाते हुए ड्राइवर की तत्काल मदद की। उन्होंने अपने स्तर पर आर्थिक सहायता देकर उसके लिए कपड़ों की व्यवस्था कराई, जिससे उसे तुरंत राहत मिली। थाना प्रभारी ने ड्राइवर को शराब से होने वाले नुकसान के बारे में भी समझाया।
पुलिस की समझाइश का असर ऐसा हुआ कि ट्रक ड्राइवर ने सार्वजनिक रूप से जीवनभर शराब नहीं पीने की शपथ ली। थाना प्रभारी की मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की। यह मामला न केवल चोरी की घटना बल्कि पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली और नशे से दूर रहने के संदेश के कारण भी चर्चा का विषय बना।




