इंदौर: समोसे की तलब लगने पर क्या आप अपनी गाड़ी रोककर खा लेते हैं? अब कल्पना कीजिए, ये काम एक लोको पायलट ने पूरी पैसेंजर ट्रेन को बीच रेलवे ट्रैक पर रोककर किया!

इंदौर-महू डेमू ट्रेन का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन राऊ के रंगवासा रोड इलाके के पास अचानक रुक जाती है। इसके बाद लोको पायलट इंजन से नीचे उतरते हैं, ट्रैक के किनारे लगी एक छोटी दुकान पर जाते हैं, समोसे खरीदते हैं और आराम से वापस इंजन में बैठकर ट्रेन आगे बढ़ा देते हैं।

पैसेंजर इंतजार करते रहे, पायलट ने मिटाई भूख

स्थानीय लोगों के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है। इस डेमू ट्रेन के अक्सर इसी जगह पर रुकने की शिकायतें रही हैं। लोको पायलट नियमित रूप से यहां नाश्ता या स्नैक्स खरीदने के लिए ट्रेन रोकते हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पैसेंजर ट्रेन के फिर से चलने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि पायलट अपनी भूख मिटा रहे हैं।

रेलवे प्रशासन में हड़कंप, जांच शुरू

वीडियो वायरल होने के बाद पश्चिम रेलवे में हड़कंप मच गया है। पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इस घटना की जानकारी उन्हें सोशल मीडिया के जरिए मिली। उन्होंने कहा:

“वीडियो को तुरंत सीनियर अधिकारियों के पास वेरिफिकेशन के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है कि वीडियो कब का है, कौन सी ट्रेन है, लोको पायलट कौन है और ट्रेन रुकने की असली वजह क्या थी।”

मुकेश कुमार ने आगे कहा कि फिलहाल यह पुष्टि नहीं की जा सकती कि ट्रेन क्यों रुकी थी। मामले को संबंधित विभाग को जांच के लिए सौंप दिया गया है।