सीधी। जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र के ग्राम पटपरा में सोमवार दोपहर कानून-व्यवस्था संभालने पहुंचे थाना प्रभारी (TI) इंद्राज सिंह पर प्रदर्शनकारियों ने कुल्हाड़ी (टांगी) और हंसिए से जानलेवा हमला कर दिया। सरकारी रास्ते के विवाद को लेकर लगे चक्काजाम को खुलवाने के दौरान हुए इस हमले में थाना प्रभारी के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके सिर में 12 टांके आए हैं और हालत गंभीर बनी हुई है।


रास्ते के विवाद में आक्रोशित ग्रामीणों ने किया था चक्काजाम

जानकारी के अनुसार, ग्राम पटपरा में सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि तहसील कार्यालय में कई बार आवेदन देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर लोगों ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही कमर्जी थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर मार्ग खुलवाने का प्रयास करने लगे।


भीड़ से निकालकर पहुंचाया अस्पताल, 5 थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

समझाइश के दौरान ही अचानक कुछ लोगों ने तीखे हथियारों से थाना प्रभारी पर हमला बोल दिया। सिर पर गंभीर चोट लगते ही वे जमीन पर गिर पड़े, जिन्हें मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ से भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव को देखते हुए चुरहट एसडीएम विकास कुमार आनंद और 5 थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लेकर जाम खुलवाया।


एसपी पहुंचे अस्पताल; दिनेश, सुनील समेत 5 पर केस दर्ज

वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) संतोष कोरी जिला अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से टीआई के उपचार की जानकारी ली। जिला अस्पताल के डॉ. बृजेश पांडे के मुताबिक, टीआई की हालत गंभीर है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने इस मामले में शासकीय कार्य में बाधा और जानलेवा हमले की धाराओं के तहत दिनेश पटेल उर्फ गुंठी, सुनील पटेल, विनय पटेल, प्रीतम पटेल और रितेश उर्फ सिंटू पटेल को नामजद आरोपी बनाया है।


एसपी संतोष कोरी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि पुलिस टीम पर हमला अक्षम्य और गंभीर अपराध है। घटना में शामिल कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया गया है, वहीं शेष नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। दोषियों के खिलाफ कानून के तहत बेहद सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।