छतरपुर, रोहित पाठक। छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में बनने जा रहे विशाल बागेश्वर बालाजी कैंसर हॉस्पिटल के निर्माण कार्यों का जायजा लेने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री निर्माण स्थल पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों और तकनीकी टीम से कार्य की वर्तमान प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा को लेकर विस्तृत जानकारी हासिल की।
निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर ने निर्माण कार्यों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि पूरे प्रोजेक्ट पर काम तेज गति से संचालित किया जा रहा है। अस्पताल का संपूर्ण ढांचा आगामी 14 से 16 महीने के भीतर तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में बेसमेंट के लिए बड़े पैमाने पर खुदाई का कार्य चल रहा है, जिसके पूरा होते ही अगले 5 से 7 दिनों के भीतर निर्माण के आगामी चरण की नींव रखी जाएगी।
इस विशाल अस्पताल का निर्माण ईएसआर ग्रुप द्वारा कराया जा रहा है, जिसमें आधुनिक निर्माण तकनीकों और भारी मशीनों का इस्तेमाल हो रहा है।
बुंदेलखंड अंचल में अत्याधुनिक और सर्वसुविधायुक्त कैंसर संस्थान की स्थापना को क्षेत्र के लिए एक बड़ा स्वास्थ्य मील का पत्थर माना जा रहा है। अस्पताल का निर्माण पूर्ण होने के बाद स्थानीय और आसपास के जरूरतमंद कैंसर पीड़ितों को महानगरों की दौड़ लगाए बिना अपने ही क्षेत्र में सस्ता और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सकेगा।




