उमरिया, तपस गुप्ता। उमरिया पुलिस ने पुल निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली महंगी मशीनरी के सेंसर चोरी करने वाले गिरोह की बड़ी साजिश का पर्दाफाश करते हुए करीब 35 लाख रुपये मूल्य के चोरी गए पांच सेंसर बरामद कर लिए हैं। हालांकि मामले के आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार घुनघुटी चौकी क्षेत्र के ग्राम अमिलिहा स्थित एक निर्माण कंपनी के कैम्प से पुल निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली पीक्यूसी मशीन के पांच अत्याधुनिक सेंसर चोरी हो गए थे। सेंसरों की चोरी से निर्माण कार्य प्रभावित होने के साथ कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका थी।
टीवीसीएल कंपनी में सीनियर सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत अर्जुन सिंह सेंगर ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि कंपनी के पूर्व ऑपरेटर अरशान खान और उसका साथी साद खान काम की तलाश का बहाना बनाकर कैम्प पहुंचे थे। दोनों ने एक रात कैम्प में बिताई और अगले दिन रोजगार की तलाश में जाने की बात कहकर वहां से निकल गए।
इसी दौरान साइट इंजीनियर अतुल कुमार पाण्डेय ने कैम्प पहुंचकर देखा कि कमरे और बक्से के ताले खुले हुए हैं। जांच करने पर पीक्यूसी मशीन के पांच महंगे सेंसर गायब मिले। वहीं दोनों युवक भी कैम्प से लापता थे। संदेह के आधार पर जब उनसे संपर्क किया गया तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा एवं एसडीओपी पाली शिवचरण बोहित के मार्गदर्शन में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन विदिशा जिले में मिलने पर पुलिस टीम ने वहां दबिश दी।
दबिश के दौरान आरोपी गांव के समीप जंगल में छिपे मिले, लेकिन पुलिस और कंपनी के कर्मचारियों को देखकर भाग निकले। इस दौरान उनका एक बैग मौके पर छूट गया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें चोरी गए पांचों सेंसर सुरक्षित अवस्था में बरामद हो गए। कंपनी अधिकारियों ने मौके पर ही सेंसरों की पहचान कर ली। बरामद सेंसरों की कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने थाना पाली में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 259/26 दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
एसडीओपी पाली शिवचरण बोहित ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार काम कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

