भोपाल, जीतेन्द्र यादव। समाजवादी पार्टी ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में प्रेस वार्ता आयोजित कर अपना पक्ष रखा। पार्टी नेताओं ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट में दान राशि और वित्तीय लेन-देन को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए।


प्रेस वार्ता में कहा गया कि अखिलेश यादव द्वारा ट्रस्ट में कथित वित्तीय गड़बड़ियों और लगभग 7 करोड़ रुपये के दान से संबंधित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए जाने के बाद कुछ लोगों ने मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए उनके परिवार, विशेष रूप से उनकी पुत्री अदिति यादव, पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। समाजवादी Party ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं के विरुद्ध बताया।


पार्टी नेताओं ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में उठाए गए सवालों का जवाब तथ्यों और पारदर्शिता के आधार पर दिया जाना चाहिए, न कि राजनीतिक विरोधियों के परिवारों को निशाना बनाकर। उन्होंने महिलाओं के सम्मान पर की जाने वाली किसी भी प्रकार की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है।


समाजवादी पार्टी ने ट्रस्ट के पूर्व लेखा अधिकारी द्वारा कथित वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत किए जाने, बाद में उन्हें पद से हटाए जाने, मंदिर से जुड़े एक कर्मचारी के घर से नकदी बरामद होने तथा कुछ कर्मचारियों द्वारा करोड़ों रुपये की संपत्तियां खरीदे जाने संबंधी खबरों का उल्लेख करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पार्टी ने कहा कि यदि आरोप निराधार हैं तो जांच के माध्यम से सच्चाई सामने आनी चाहिए और यदि अनियमितताएं हुई हैं तो दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।


प्रेस वार्ता में छतरपुर के प्रशांत महतो द्वारा अदिति यादव के संबंध में कथित रूप से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की भी निंदा की गई। पार्टी नेताओं ने मध्य प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि बेटियों और महिलाओं के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


समाजवादी पार्टी ने यह भी बताया कि गुना जिले में अखिलेश यादव की पुत्री के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा कानूनी कार्रवाई कर एफआईआर दर्ज कराई गई, जिसके बाद संबंधित व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई। पार्टी ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर किसी भी प्रकार की अभद्रता स्वीकार नहीं की जाएगी।


पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में दोषियों के खिलाफ समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीकों से प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन और जनआंदोलन चलाएगी। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान रूप से लागू होना चाहिए और महिलाओं की गरिमा की रक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।