छतरपुर, संदीप यादव। बड़ामलहरा क्षेत्र के ईसानगर चौराहे पर शुक्रवार शाम करीब 4 बजे एक तेज रफ्तार टैक्सी ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों को पहले ईसानगर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सभी घायलों का उपचार जारी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलैया गांव निवासी रचना आदिवासी (30) पत्नी धनीराम आदिवासी, कृष्णा आदिवासी (6) पिता धनीराम आदिवासी, संकु आदिवासी (35) तथा रामसिंग आदिवासी (25) बाइक से बड़ामलहरा के पास स्थित वीरो क्षेत्र से अपने गांव सलैया लौट रहे थे। इसी दौरान ईसानगर चौराहे पर सामने से आ रही एक टैक्सी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।


हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल ईसानगर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि सभी घायलों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।