टीकमगढ़,मोहसिन अहमद। शहर के नये बस स्टैंड क्षेत्र में गुरुवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार युवक स्कॉर्पियो के अंदर बुरी तरह फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो पहले अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई, जिसके बाद संतुलन बिगड़ने से सामने खड़े ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।


घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया, जिससे पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।