छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के चौबे तिगड्डा स्थित शराब ठेके के सामने देर रात मारपीट की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, गुटखा-पानी की दुकान पर तीन युवक एक ही मोटरसाइकिल से पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनमें से दो युवक नशे की हालत में थे। उन्होंने दुकानदार से सामान लिया और जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने दुकानदार पर जानलेवा हमला करने की भी कोशिश की। घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और लोगों में आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




