नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपना इस्तीफा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को सौंपा है। हालांकि, इस्तीफे की वास्तविक वजह को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि शहजाद पूनावाला जल्द ही इस संबंध में अपना आधिकारिक बयान जारी कर सकते हैं।


शहजाद पूनावाला भाजपा के प्रमुख और मुखर प्रवक्ताओं में गिने जाते रहे हैं। वे विभिन्न राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उनके प्रोफाइल से भाजपा का उल्लेख हट चुका है, जबकि उन्होंने स्वयं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन समर्थक बताया है। वहीं, इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर अब भी उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय प्रवक्ता बताया गया है।


शहजाद पूनावाला ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। वर्ष 2017 में उन्होंने कांग्रेस की आंतरिक चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए सार्वजनिक रूप से पार्टी नेतृत्व की आलोचना की थी। इसके बाद कांग्रेस से उनका विवाद बढ़ गया और उन्होंने पार्टी छोड़ दी। बाद में वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए, जहां उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।


फिलहाल भाजपा की ओर से उनके इस्तीफे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक गलियारों में उनके इस फैसले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और अब सभी की नजरें शहजाद पूनावाला के आधिकारिक बयान पर टिकी हैं।