छतरपुर, संजय अवस्थी। छतरपुर जिले के बड़ामलहरा नगर परिषद के वार्ड नंबर 15 में सार्वजनिक कुएं पर अवैध कब्जे और उससे उत्पन्न जल प्रदूषण को लेकर आक्रोशित वार्डवासियों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुँचकर शिकायती आवेदन सौंपा है।
कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में वार्डवासी अजय कुमार मिश्रा ने आरोप लगाया है कि वार्ड नंबर 15 में स्थित एक पुराने सार्वजनिक कुएं को पाटकर वहीं के निवासी हनुमत चौबे पिता बाबूलाल चौबे ने अवैध रूप से कब्ज़ा कर लिया है और उस पर सेप्टिक टैंक बनवा दिया है। इस सेप्टिक टैंक के कारण पूरे मोहल्ले के बोरवेलों में दूषित और गंदा पानी आ रहा है, जिससे स्थानीय निवासी और बच्चे लगातार बीमारियों का शिकार हो रहे हैं।
वार्डवासियों का कहना है कि जब भी वे इस बात का विरोध करते हैं, तो आरोपी द्वारा गाली-गलौज की जाती है और जान से मारने की धमकी दी जाती है। आरोपी खुद को नगर परिषद का कर्मचारी बताकर धौंस देता है कि हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। नागरिकों के अनुसार, वे इससे पहले भी एसडीएम बड़ामलहरा, तहसीलदार और सीएमओ को मौखिक व लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पीडि़त नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल दखल देकर सेप्टिक टैंक हटवाने और आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।




