छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा शहर में चोरी की वारदातों के बीच देहात थाना पुलिस ने रिंग रोड स्थित बायपास की एक दुकान में चोरी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
वहीं, फरार आरोपियों में शामिल छोटे खान को पूर्व में कोतवाली पुलिस अपहरण और फिरौती मांगने के एक मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। दरअसल, रोहना बायपास चौराहे पर स्थित दुकान में 22 और 23 सितंबर की दरमियानी रात अज्ञात आरोपियों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी दुकान से दो मिक्सी, सिगरेट के पैकेट, राजश्री पाउच, बीड़ी के बंडल और चार कैमरे चुराकर ले गए थे। इस मामले में फरियादी प्रफुल्ल पाल ने 7 अक्टूबर को देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 8 अक्टूबर को बैल बाजार निवासी 18 वर्षीय आदित्य उर्फ जिज्जू मसराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 8 हजार रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है, जिसमें दो एचपी कंपनी की मिक्सी, 20 पैकेट सिगरेट, 10 पैकेट राजश्री पाउच और 10 बीड़ी के बंडल शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक अजय पांडे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी तथा देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।











