जतारा, सोनू विश्वकर्मा। शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और बच्चों की शत-प्रतिशत विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत बैरवार के सरपंच सुरेंद्र दांगी ने अनोखी पहल की है। 'स्कूल चले हम' अभियान के तहत पूरे गांव में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराकर अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की गई।
सरपंच सुरेंद्र दांगी ने कहा कि किसी भी गांव का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब वहां के बच्चे शिक्षित हों। शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता दें और उन्हें प्रतिदिन समय पर विद्यालय भेजकर उनके बेहतर भविष्य के निर्माण में सहयोग करें।
मुनादी के दौरान ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया तथा बच्चों के स्कूल छोड़ने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने का संदेश दिया गया। अभियान का उद्देश्य गांव में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना है।
सरपंच की इस पहल को ग्रामीणों ने सराहा और इसे शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायक कदम बताया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि इसी तरह शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय रहेंगे, तो गांव का शैक्षणिक स्तर बेहतर होगा और बच्चों का भविष्य अधिक सुरक्षित एवं उज्ज्वल बनेगा।




