छतरपुर, संतोष शिवहरे। शहर की यातायात व्यवस्था बुधवार को पूरी तरह चरमरा गई, जब सागर रोड पर बगौता तिराहा से लेकर चौबे तिराहा तक लंबा जाम लग गया। करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक लगे इस जाम के कारण हजारों वाहन चालक और राहगीर परेशान होते रहे। समाचार लिखे जाने तक भी जाम की स्थिति बनी हुई थी, जिससे आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जाम में कई एंबुलेंस, स्कूली वाहन, निजी कारें, दोपहिया वाहन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की गाडिय़ां भी फंस गईं। सबसे अधिक परेशानी उन मरीजों और उनके परिजनों को हुई, जिन्हें समय पर अस्पताल पहुंचना था। वहीं स्कूली बच्चों और अभिभावकों को भी लंबे समय तक जाम में इंतजार करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई लोगों को न्यायालय में पेशी के लिए पहुंचना था, लेकिन भीषण जाम के कारण वे समय पर कोर्ट नहीं पहुंच सके। लोगों का कहना था कि पेशी के लिए जाना जरूरी है, लेकिन जाम में फंसे होने के कारण समझ नहीं आ रहा कि समय पर कैसे पहुंचें।
इस घटना के बाद शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नागरिकों का कहना है कि प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में यातायात नियंत्रण को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से आमजन को राहत मिल सके।




