भोपाल: राजधानी भोपाल के बोट क्लब पर आयोजित तीन दिवसीय 'राजा भोज मल्टी क्लास नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप (रैंकिंग)' के तीसरे संस्करण का रविवार को भव्य समापन हुआ। अपर लेक की लहरों पर 12 क्लबों के 87 खिलाड़ियों ने 110 रेस में अपना शानदार कौशल, संतुलन और तकनीक का प्रदर्शन किया।

इस प्रतियोगिता में नेशनल सेलिंग स्कूल (NSS) भोपाल ने पहला स्थान हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि नेवी यूथ स्पोर्ट्स क्लब (NYSC) गोवा उपविजेता रही और सिकंदराबाद ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

हर विधानसभा क्षेत्र में बनेगा एक-एक स्टेडियम: CM समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक स्टेडियम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इन स्टेडियमों के साथ अलग-अलग खेल विधाओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले।

मुख्यमंत्री ने खेलों में राज्य की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए बताया:

  • राष्ट्रीय रैंकिंग में उछाल: तीन साल पहले तक खेलों में मध्यप्रदेश देश में 16वें-17वें स्थान पर था, जो अब सुधरकर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
  • खेल अकादमियां: वर्तमान में प्रदेश में 18 खेलों की 11 खेल अकादमियां सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं।
  • कोच और खिलाड़ियों का भविष्य: राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत खेलों को शिक्षा से जोड़ा गया है, जिससे खिलाड़ियों के साथ-साथ कोच के करियर और भविष्य की संभावनाएं भी सुरक्षित होंगी।

विजेता और उपविजेता टीमें

  • विजेता (NSS भोपाल): वायु चंद्रवंशी, माही वर्मा, तुलसी पटले, एकलव्य वायम, वंशिका शिकारवार, आर्यन पाटीदार, प्रार्थना मोई, अंकित सिसोदिया, समर पंचेश्वर और सिद्धि टंडन। (मुख्य प्रशिक्षक: जी.एल. यादव, सहायक प्रशिक्षक: राम मिलन, नरेंद्र एस. राजपूत और अनिल शर्मा)
  • उपविजेता (NYSC गोवा): शशांक जाधव, हृदय जोशी, मोह रिजवान, शिवम वाल्मीकि और हेमंत पपौला।

भोपाल में बने खेल संग्रहालय: विश्वास सारंग कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल के बड़े तालाब को खेल और पर्यटन के संगम के रूप में विकसित करने की बात कही। उन्होंने मुख्यमंत्री से भोपाल में प्रदेश की खेल उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए एक 'खेल संग्रहालय' स्थापित करने का आग्रह किया।

अंतरराष्ट्रीय पदकों से प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी सम्मानित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने जूडो में कॉमनवेल्थ गेम्स की रजत पदक विजेता यामिनी मौर्य, शॉटपुट खिलाड़ी समरदीप सिंह गिल, पोल वॉल्ट के देव कुमार मीणा व कुलदीप कुमार, फेंसिंग खिलाड़ी खुशी दाबोड़े और 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया।

वाटर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र बना भोपाल वर्ष 2007 में स्थापित मध्यप्रदेश राज्य जल क्रीड़ा अकादमी के खिलाड़ियों ने अब तक 28 अंतरराष्ट्रीय और 69 राष्ट्रीय पदक हासिल किए हैं। भोपाल की प्राकृतिक झीलें अब सेलिंग, रोइंग, कयाकिंग और केनोइंग जैसे वाटर स्पोर्ट्स के लिए देश के प्रमुख केंद्रों में शुमार हो चुकी हैं।