अबू धाबी। अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच एकमात्र टेस्ट मैच अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट मैच का दूसरा दिन अफगानिस्तान के नाम रहा। दिन का खेल खत्म होने तक अफगानिस्तान ने पहली पारी में 4 विकेट खोकर 211 रन बना लिए हैं। अफगानिस्तान ने टेस्ट के दूसरे दिन बांग्लादेश को पहली पारी में 346 रनों पर समेटा। अफगानिस्तान की ओर से गेंदबाजी में मोहम्मद सलीम सफी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि यामीन अहमजई ने 3 विकेट अपने नाम किए। इस्मत आलम ने 20 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि कैस अहमद ने एक विकेट निकाला। हालांकि, अफगानिस्तान की पहली पारी में शउरुआत अच्छी नहीं रही। सेदीकुल्लाह अटल बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 17 रन बनाकर आउट हुए। शाहिदुल्लाह कमाल भी 20 रन बनाने के बाद इबादत हुसैन का शिकार बने।
64 के स्कोर पर 2 विकेट गंवाने के बाद अफगानिस्तान की पारी को अब्दुल मलिक और कप्तान रहमत शाह ने संभाला। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़े। अब्दुल 120 गेंदों में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रहमत 186 गेंदों में 84 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
अफगानिस्तान के कप्तान अपने शतक के करीब है और अपनी इस पारी में वह अब तक 8 चौके और एक छक्का लगा चुके हैं। हशमतुल्लाह शाहिदी को मेहदी हसन मिराज ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज इकराम अलीखिल 91 गेंदों में 26 रन बनाकर कप्तान रहमत शाह का साथ निभा रहे हैं।
अफगानिस्तान अभी बांग्लादेश के स्कोर से 135 रन पीछे है। बांग्लादेश की तरफ से गेंदबाजी में इबादत हुसैन अब तक 11 ओवर में 50 रन देकर दो विकेट निकाल चुके हैं। वहीं, हसन महमूद और मेहदी हसन मिराज एक-एक विकेट चटका चुके हैं। अफगानिस्तान टेस्ट के तीसरे दिन बड़ी बढ़त लेने के इरादे से उतरेगी।











