भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और राम मंदिर निर्माण से जुड़े ट्रस्ट पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन की लड़ाई हनुमानगढ़ी और गोरखनाथ मठ ने लड़ी थी। उस समय न तो वहां RSS थी और न ही भारतीय जनता पार्टी का कोई योगदान था।


दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को भगवान राम के प्रति प्रेम तब उमड़ा, जब लोकसभा में उनके केवल दो सांसद बचे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति करती है और धर्म को बेचकर कमाई करती है। इसी धन से वोट खरीदे जाते हैं तथा विधायक और सांसदों की खरीद-फरोख्त की जाती है।


पूर्व मुख्यमंत्री ने राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि "हम लोगों ने जो चंदा दिया था, उसकी चोरी की गई है।" उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में चंपत राय और अनिल मिश्रा को बचाया जा रहा है।


दिग्विजय सिंह ने घोषणा की कि वह अपने वकील के माध्यम से 5 या 6 जुलाई को अयोध्या जाकर राम मंदिर चंदे में कथित अनियमितता और चंदे की चोरी के संबंध में मामला दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को कानूनी रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।