छतरपुर। शहर की पुरानी गल्ला मंडी निवासी बृजेंद्र कुमार मिश्रा के पुत्र प्रफुल्ल मिश्रा ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की में एम.टेक. (स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी) में प्रवेश प्राप्त कर छतरपुर जिले और पूरे बुंदेलखंड का नाम रोशन किया है। अपनी प्रतिभा, लगन और कठिन परिश्रम के बल पर प्रफुल्ल ने प्रवेश सूची में दूसरा स्थान हासिल कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है।


स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी जैसे अत्याधुनिक और महत्वपूर्ण क्षेत्र में चयनित होना किसी भी विद्यार्थी के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। प्रफुल्ल की यह सफलता उनकी वर्षों की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन का परिणाम है। अब वे अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश के वैज्ञानिक और तकनीकी विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।


प्रफुल्ल मिश्रा की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार गौरवान्वित है, बल्कि छतरपुर शहर और बुंदेलखंड क्षेत्र के लोगों में भी खुशी का माहौल है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनकर सामने आई है, जो यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।


प्रफुल्ल के चयन पर परिवार, मित्रों, शुभचिंतकों और शहरवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया है कि वे आने वाले समय में अपने ज्ञान और प्रतिभा से देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन करेंगे।