छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा कोतवाली पुलिस ने शराब ठेके से 5 लाख 46 हजार 50 रुपये का गबन कर फरार हुए आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी कई महीनों से हरभजन सिंह के नाम से शराब ठेके में नौकरी कर रहा था, लेकिन गिरफ्तारी के बाद उसकी असली पहचान साबिर अली के रूप में सामने आई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि उसने हरियाणा से फर्जी आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बनवाकर अपनी पहचान बदल ली थी।


पुलिस के अनुसार, 28 जून को आरोपी शराब दुकानों का कलेक्शन लेकर फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब और चंडीगढ़ में लगातार दबिश दी और आखिरकार आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि गबन की गई रकम मोबाइल खरीदने, होटलों में ठहरने और घूमने-फिरने में खर्च कर दी।


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 17 हजार रुपये नकद, बैंक खाते में जमा 2 लाख रुपये, दो मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड, फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पंजाब और हरियाणा में पहले से एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।