छतरपुर। छतरपुर जिला मुख्यालय के समीपी ग्राम बगौता में एक व्यक्ति की कथित तानाशाही, जालसाजी और जमीनों पर अवैध कब्जे के काले कारनामों ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा रखा है। दो अलग-अलग पीड़ितों ने इस पूरे विवाद के मुख्य कर्ताधर्ता पुष्पेंद्र राजपूत के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कलेक्टर पार्थ जैसवाल, डीआईजी विजय कुमार खत्री और एसपी रजत सकलेचा को शिकायती आवेदन सौंपे हैं। इन आवेदनों में पुष्पेंद्र राजपूत पर भू-माफिया की तरह दूसरों की कीमती जमीनों पर जबरन कब्जा करने, सगे भाई को धोखा देने और विरोध करने पर जान से मारने की प्रत्यक्ष धमकी देने के बेहद संगीन आरोप लगाए गए हैं पुष्पेंद्र राजपूत की दगाबाजी और क्रूरता का सबसे घिनौना चेहरा तब सामने आया जब उसका अपना सगा भाई राजेंद्र राजपूत अपने दो मासूम बच्चों की उंगली थामे अधिकारियों के पास रोते हुए न्याय मांगने पहुंचा। पीड़ित भाई राजेंद्र राजपूत ने आरोप लगाया कि उसके बड़े भाई पुष्पेंद्र राजपूत, भाभी वंदना राजपूत और भतीजे सचिन राजपूत ने मिलकर एक सोची-समझी साजिश रची। इन लोगों ने राजेंद्र की बुजुर्ग मां काशी बाई राजपूत को गुमराह कर अपने जाल में फंसा लिया और उन्हें राजेंद्र के खिलाफ बुरी तरह भड़का दिया। पुष्पेंद्र इतना शातिर है कि वह अपनी ही बुजुर्ग मां के माध्यम से राजेंद्र के खिलाफ झूठी शिकायतें करवा रहा है, ताकि उस पर दबाव बनाया जा सके। राजेंद्र ने बताया कि पुष्पेंद्र और उसके बेटे सचिन ने मिलकर पिता की पूरी संपत्ति पर अकेले डाका डाल दिया है। पूरी पुश्तैनी जमीन के साथ-साथ घर के कीमती जेवरातों पर भी पुष्पेंद्र ने अकेले अवैध कब्जा कर रखा है और अपने छोटे भाई व मासूम बच्चों को उनके जायज हक से पूरी तरह वंचित कर दर-दर भटकने छोड़ दिया है।
5500 वर्ग फीट जमीन पर जमाया अवैध कब्जा
पुष्पेंद्र राजपूत के जुल्म की कहानी यहीं खत्म नहीं होती, अपनों को ठगने के बाद उसने बाहरी लोगों की संपत्तियों पर भी नजरें गड़ा दी हैं। छतरपुर के वार्ड नंबर 21 निवासी पंकज रैकवार ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे आवेदन में पुष्पेंद्र राजपूत और उसके बेटे सचिन राजपूत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पंकज ने बताया कि उन्होंने ग्राम बगौता में विनोद कुमार गुप्ता और यशवर्धन गुप्ता से करीब 5500 वर्ग फीट जमीन खरीदी थी, जिस पर उनकी बाउंड्रीवॉल और मकान भी बना हुआ है लेकिन, पुष्पेंद्र राजपूत और उसके बेटे सचिन ने जमीन हथियाने की नीयत से पंकज की अनुपस्थिति का फायदा उठाया और उस कीमती जमीन पर जबरन अवैध कब्जा कर लिया। जब पीड़ित पंकज ने इस गुंडागर्दी का विरोध किया, तो मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र और उसके बेटे ने सरेआम गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने व झूठे कानूनी मुकदमों में फंसाकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। बहरहाल ग्राम बगौता और आसपास के क्षेत्रों में पुष्पेंद्र राजपूत और उसके परिवार के इस कथित तानाशाही रवैये को लेकर आम जनता में भारी आक्रोश पनप रहा है। चर्चा है कि पुष्पेंद्र बड़े पैमाने पर जमीन घोटालों में लिप्त है और अपने रसूख के बल पर पीड़ितों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहा है। पीड़ितों ने जिले के आला अधिकारियों से मांग की है कि इस कथित भू-माफिया पुष्पेंद्र राजपूत और उसके सहयोगी बेटे के खिलाफ तत्काल सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, अवैध कब्जा हटाया जाए और पीड़ित भाई व मासूम बच्चों को उनका पुश्तैनी हक वापस दिलाया जाए।




